भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान समेत 20 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जगहों पर 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
चेतावनी वाले राज्यों में झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और सिक्किम भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, सोनभद्र, चंदौली, आगरा, मथुरा, मिर्जापुर, बलिया, कानपुर, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
बिहार के भोजपुर, सिवान, सारण, गया, मुजफ्फरपुर, पटना, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, खगड़िया, बेगूसराय और भागलपुर में भी बारिश और आंधी की आशंका है। किसानों को खड़ी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए स्थानीय कृषि सलाह का पालन करने और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।



