फंदे से लटका मिला दिनेश का शव, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया सुबह का मंजर देख दहल उठा परिवार,घर में पसरा मातम
महराजगंज। उपनगर कोल्हुई कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल शुक्रवार सुबह उस वक्त मातम छा गया जब 35 वर्षीय दिनेश प्रजापति का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों की आंखों के सामने से अचानक पिता का साया उठ गया।मृतक की पहचान दिनेश प्रजापति पुत्र राम अवध प्रजापति के रूप में हुई है। दिनेश अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।तीनों बच्चे अभी नाबालिग हैं। पिता की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।मिली जानकारी के अनुसार दिनेश गुरुवार देर रात नशे की हालत में घर पहुंचे थे। घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हुई। इसके बाद दिनेश अपने कमरे में चले गए जबकि पत्नी तीनों बच्चों के साथ छत पर सोने चली गईं। शुक्रवार सुबह दिनेश का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने शव को नीचे उतारकर बरामदे में रखा और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार मिली जानकारी दिनेश को शराब पीने की आदत थी। पत्नी उन्हें शराब छोड़ने के लिए समझाती थीं और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होने की बात सामने आई है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।मासूम बच्चों के सामने अब जिंदगी की बड़ी चुनौती दिनेश की मौत के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। तीनों नाबालिग बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया जबकि पत्नी के सामने बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी आ गई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज की मर्चरी भेज दिया।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।