सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में मिला शव, पुलिस को सड़क दुर्घटना में मौत की आशंका
बृजमनगंज, महराजगंज। फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर समय माता स्थान मोड़ के पहले एक युवक का शव अर्धनग्न अवस्था में सड़क के किनारे मिला है। युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस प्रथमदृष्टया सड़क दुर्घटना में घायल होने के कारण युवक की मौत होने की आशंका जता रही है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि ग्राम विशुनपुर अदरौना के चौकीदार महगू ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि एक व्यक्ति का शव, जिसकी उम्र करीब 40 वर्ष है, सड़क किनारे चित अवस्था में पड़ा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, गहनता से देखने पर मृतक के शरीर पर सिर, पैर, हाथ, कंधे आदि में जाहिरा चोटें दिखाई दीं। आसपास के लोगों से मृतक के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन उक्त व्यक्ति का नाम-पता ज्ञात नहीं हो सका।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि उक्त व्यक्ति की मृत्यु के संबंध में प्रथमदृष्टया सड़क दुर्घटना से मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी हाउस महाराजगंज भेजवाया गया है।
पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के साथ ही घटना के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।