खड़खोड़ा हत्याकांड में तीन आरोपी पहले ही कर चुके हैं आत्मसमर्पण, अन्य वांछितों की तलाश में दबिश जारी
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खड़खोड़ा में दो दिन पूर्व गला काटकर हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रामकरन उर्फ जरलाहे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं रविवार को आरोपी रामप्यारे, उमेश और एक अन्य नाबालिग ने डायल 112 पर फोन कर घटना की रात में ही आत्मसमर्पण कर दिया था, जिन्हें पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कुदाल व गड़ासे से गला रेतकर हजारी की हत्या की थी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी रामकरन उर्फ जरलाहे फरार चल रहा था।
इस मामले में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मुख्य आरोपी रामकरन उर्फ जरलाहे को मंगलवार की दोपहर मिश्रौलिया चौराहा से गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मुकदमे में शामिल अन्य वांछितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र, हृदय नारायण, संदीप गौतम आदि शामिल रहे।