जमशेदपुर, झारखंड। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर बीएलओ के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ नजरी नक्शा के अनुसार घर-घर भ्रमण कर प्रत्येक परिवार का विवरण तैयार करें और Family Grouping का कार्य सही ढंग से पूरा करें। उन्होंने प्रत्येक मकान का वास्तविक (Actual) अथवा Notional House Number संधारित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या दोहराव की संभावना न रहे।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए जाएं और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए। साथ ही, मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही प्राप्त की जाएं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बीएलओ के क्षेत्रीय कार्यों की नियमित निगरानी करने और पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए सभी अधिकारी और बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।