महराजगंज। बरावफात त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर कोल्हुई थाना पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को थाना परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पुलिस व राजस्व अधिकारियों को शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस में भूमि विवाद, आपसी विवाद सहित विभिन्न मामलों को लेकर फरियादी पहुंचे। क्षेत्राधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।सी0 ओ0 फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने कहा कि बरावफात को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।एस0 ओ0 ने कहा कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार भ्रमण करेगी। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस दौरान थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह, उपनिरीक्षक राजीव सिंह समेत समस्त बीट पुलिसकर्मी सहित धर्म गुरु एवम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे ।