– सुनील सिंह ने त्योहारों के जरिए आपसी सहयोग और भाईचारा बनाए रखने का दिया संदेश
लालगंज, रायबरेली। कस्बे के बक्शी मेमोरियल पब्लिक स्कूल (बीएमपीएस), लालगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में नर्सरी और केजी कक्षा के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे हर्षित और प्रफुल्लित नजर आए।
विद्यालय के प्रशासनिक सचिव सिद्धार्थ सिंह ने श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर लोकमंगल की कामना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने संगीतमय ध्वनियों के बीच नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक शांतनु सिंह ने अपने संदेश में सभी से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की।
वहीं, प्रबंध निदेशक सुनील सिंह ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी सहयोग और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “सभी त्योहारों का एक ही मकसद आपसी सहयोग और भाईचारा बनाए रखना होता है।”
कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता और उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय परिसर में जन्माष्टमी को लेकर उत्सव का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीमा सिंह, शुभी सिंह, दीपिका, स्वाति, सृष्टि, उमेआयशा, प्रिया गुप्ता, रश्मि सहित नर्सरी और केजी कक्षाओं की सभी अध्यापिकाओं का विशेष योगदान रहा।