– आलमाइटी प्राइमरी स्कूल एवं पब्लिक इंटर कॉलेज में एलकेजी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को वितरित किए गए त्रैमासिक परीक्षा के अंकपत्र
सौरभ जायसवाल
महराजगंज। आलमाइटी प्राइमरी स्कूल एवं आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक-अभिभावक सभा एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एलकेजी से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं के त्रैमासिक परीक्षा के अंकपत्र वितरित किए गए।
सभा में उपस्थित अभिभावकों ने अपने पाल्य-पल्यों की प्रगति रिपोर्ट देखी और विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति को लेकर अपने सुझाव भी दिए। इस दौरान विद्यालय और अभिभावकों के बीच विद्यार्थियों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ।
विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि शिक्षक-अभिभावक सभा विद्यालय और अभिभावकों के बीच सार्थक संवाद एवं सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक, व्यवहारिक और व्यक्तिगत विकास में शिक्षक एवं अभिभावक की संयुक्त भूमिका सुनिश्चित करना है। शिक्षक और अभिभावक जब मिलकर विद्यार्थी के विकास के लिए प्रयास करते हैं, तभी शिक्षा अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास से संपन्न बनाना भी है। इसी दिशा में विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षण कराया जा रहा है। विद्यार्थियों के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।