– लंबे समय से देखरेख और नियमित सफाई नहीं होने का ग्रामीणों का आरोप, अधिकारियों से निरीक्षण और केंद्र संचालन की मांग
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बृजमनगंज ब्लॉक अंतर्गत इलाहावास टोला लखनपुर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों के अनुसार, केंद्र के भवन पर लंबे समय से ताला लटका हुआ है और परिसर में चारों ओर गंदगी फैली है। नियमित सफाई और देखरेख के अभाव में भवन की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य पात्र लाभार्थियों के लिए जरूरी सेवाओं का केंद्र है। ऐसे में केंद्र की खराब स्थिति और परिसर में फैली गंदगी को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि नियमित सफाई और भवन की उचित देखरेख नहीं होने से सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने और मौके पर निरीक्षण करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र परिसर की तत्काल सफाई कराने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र को नियमित रूप से संचालित किए जाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और आवश्यक कदम उठाएं, ताकि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य पात्र लाभार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मिल सके।