महुवारी टोला रायपुर में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने शव मर्चरी भेजा, परिजनों में चीख-पुकार
महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के महुवारी टोला रायपुर में बुधवार सुबह एक युवक का शव कटहल के पेड़ से लटकता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने जब पेड़ से फंदे पर शव लटकता देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और इस दर्दनाक मंजर को देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में अत्यंत सावधानी से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और यह आत्मघाती कदम है या कोई अन्य वजह इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुट गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए (शवगृह) भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की बारीकी से जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
