केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर उन्हें बधाई देते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है। श्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बने। आज वे सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्ष का कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र की ताकत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से आने वाले व्यक्ति ने खुद को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया और लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। यह लोकतंत्र की जीवंतता, सशक्तता और परिपक्वता का बड़ा उदाहरण है।
साथ ही श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा इतिहास बनाया है, जो किसी भी लोकतांत्रिक देश में अनोखा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में बहुत कम ऐसे देश हैं, जहां जनता ने लगातार किसी एक नेता को कई बार अपना समर्थन दिया है। मंत्री ने कहा कि यह समर्थन उनके काम करने के तरीके, सही नीतियों और स्पष्ट तथा अच्छी नीयत के कारण मिला है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा जनसेवा, राष्ट्रसेवा और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की भावना के साथ काम किया है। उन्होंने मंत्रिमंडल के प्रस्ताव के दस प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला। पहला बिंदु गुजरात से पूरे देश तक विकास के दृष्टिकोण का विस्तार है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने गुजरात में अपने कार्यक्रमों और नीतियों के माध्यम से कई बदलाव किए, जिसके लिए उन्हें दुनियाभर में सम्मान मिला। गुजरात मॉडल को विश्व स्तर पर मान्यता और सराहना मिली और बाद में इसे पूरे देश में लागू किया गया।