महराजगंज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को कोल्हुई थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी फरेंदा प्रेम शंकर पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीप शिखा वर्मा ने की। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों पर चर्चा की।बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़, हुड़दंग और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।दुर्गा पूजा पंडालों को लेकर समितियों को शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए। पंडालों में अग्निशमन और बिजली की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा में ही डीजे बजाने की हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करने, उपकरण जब्त करने समेत नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।क्षेत्राधिकारी दीप शिखा वर्मा ने कहा कि धार्मिक जुलूस, विसर्जन और अन्य कार्यक्रम निर्धारित परंपरागत मार्ग एवं प्रशासन की अनुमति के अनुसार ही आयोजित किए जाएं। किसी नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी। नशे में उपद्रव करने या माहौल बिगाड़ने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।इस दौरान थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह और उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह सहित बीट पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
