लखनऊ। शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 11 दिनों से फरार चल रही श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को भी पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाल के रास्ते भागने की फिराक में थी और छिपने के लिए बुर्का पहनकर टैक्सी से सफर कर रही थी। यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हो रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा प्रेस वार्ता में किया जाएगा।
विज्ञापन | Advertisement

