टहलते-टहलते अमृत सरोवर में समाई जिंदगी करीब 55 वर्षीय ओरी की दर्दनाक मौत
महराजगंज। जिले के उपनगर कोल्हुई थाना क्षेत्र के कस्बे में स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर के पास बने अमृत सरोवर में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे में डूबने से ओरी पुत्र धनपाल करीब 55 वर्ष की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के अनुसार कोल्हुई कस्बा निवासी ओरी पुत्र धनपाल सोमवार शाम अमृत सरोवर के तट पर टहलने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। उन्हें डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर उन्हें बचाने के लिए पोखरे में कूद पड़े।काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अधिक समय तक पानी में रहने के कारण उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच पड़ताल शुरू कर दी। परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुरोध पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और ग्रामीणों की आंखें नम हैं।