भारत की केंद्रीय जांच एजेंसियों और हरियाणा पुलिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में आतंक का पर्याय बने 24 वर्षीय कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। वह सालों पहले फर्जी पासपोर्ट के सहारे भारत से फरार हो गया था और अमेरिका में छिपकर रह रहा था।
हरियाणा के रोहतक जिले के रितोली गांव का रहने वाला हिमांशु बम्बीहा और नीरज बवाना गैंग से जुड़ा हुआ है। अमेरिका में बैठकर भी वह दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा, खासकर रोहतक, गोहाना और सांपला में व्यापारियों से रंगदारी वसूलने, ताबड़तोड़ फायरिंग और टारगेट किलिंग जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा था। दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग में सरेआम हुई फायरिंग और हत्या का वह मुख्य मास्टरमाइंड है।
गोहाना के मातू राम हलवाई और सांपला के सीताराम हलवाई की दुकानों पर रंगदारी के लिए हुई अंधाधुंध फायरिंग में भी उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था। उसके खिलाफ इंटरपोल नोटिस जारी था और एनआईए सहित दिल्ली-हरियाणा पुलिस उसकी तलाश में थी। अब भारतीय एजेंसियां उसके प्रत्यर्पण के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ कानूनी कार्रवाई तेज कर रही हैं।



