भारत ने सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर हूती विद्रोहियों के हमलों की कड़ी निंदा करते हुए सऊदी अरब के साथ एकजुटता व्यक्त की है। दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद भारत ने पश्चिमी एशिया में शांति और सामान्य स्थिति की शीघ्र बहाली का समर्थन किया। भारतीय पक्ष ने कहा कि वह एयरलाइनों और टूर ऑपरेटरों के साथ मिलकर सऊदी अरब में फंसे भारतीय तीर्थयात्रियों की शीघ्र वापसी के प्रयास कर रहा है, क्योंकि हालिया तनाव के बाद भारतीय विमानन कंपनियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार घायल और प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता दी जा रही है और भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के रास्ते पर लौटने की अपील भी दोहराई है।
विज्ञापन | Advertisement


