पार्षद गीता देवी गुप्ता ने सरोजनीनगर के दरोगा खेड़ा कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण, दिया सफाई व सड़क सुधार का निर्देश

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर प्रथम वार्ड की पार्षद गीता देवी गुप्ता ने शुक्रवार को क्षेत्र के कई इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की सड़क, सफाई व्यवस्था और जलनिकासी समस्याओं का समाधान ढूंढना था।

पार्षद ने दरोगा खेड़ा कॉलोनी, मक्का खेड़ा, राम विहार कॉलोनी और हैडिल आमौसी का दौरा कर टूटी सड़कों, गंदगी और जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही नगर निगम अधिकारियों को बुलाकर तत्काल सर्वेक्षण के निर्देश दिए।

पार्षद गीता देवी गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी समस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर नगर निगम को भेजी जाएगी और क्षेत्र में जल्द सुधार दिखाई देगा।

स्थानीय नागरिकों ने पार्षद की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा।