हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप के पहले चरण की पाबंदियां लागू कर दीं। आयोग के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 20 अक्टूबर को 179 यानी मध्यम श्रेणी में था, जो 21 अक्टूबर दोपहर दो बजे बढ़कर 244 यानी खराब श्रेणी में पहुंच गया। मौसम विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी सूचकांक खराब श्रेणी में ही रहने की संभावना है। ग्रैप-1 के तहत होटलों, रेस्तरां और खुली खाने-पीने की जगहों पर तंदूर में कोयले और लकड़ी के ईंधन के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। डीजल जनरेटर का इस्तेमाल केवल आपातकालीन या अत्यंत जरूरी स्थितियों में ही होगा। साथ ही धूल नियंत्रण और निर्माण गतिविधियों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि प्रदूषण और न बढ़े।
दिल्ली एनसीआर में ग्रैप-1 लागू, तंदूर पर रोक

विज्ञापन | Advertisement
विज्ञापन | Advertisement


