ब्यूरो चीफ – संतोष कुमार रजक
सोनभद्र। डी ए वी पब्लिक स्कूल, ककरी में 19 अप्रैल 2025 को महान शिक्षाविद, समाज सेवक एवं वीतराग कर्मयोगी महात्मा हंसराज की जन्म जयंती मनाई गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रचना दुबे के यजमानत्व में वैदिक हवन आयोजित करके हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन पुष्प अर्पित करते हुए महात्मा हंसराज के प्रेरक व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण किया। तत्पश्चात विद्यार्थियों ने महात्मा हंसराज की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उसे सजीव झाँकी द्वारा प्रस्तुत कर मूर्त रुप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस खास मौके पर प्राचार्या ने अपने संबोधन में महात्मा हंसराज की राष्ट्र सेवाओं को अत्यंत प्रेरक और अविस्मरणीय बताते हुए उनके मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि महात्मा हंसराज भारतीय संस्कृति के प्रतिनिधि कर्मयोगी थे। उनके व्यक्तित्व में सर्वे भवन्तु सुखिन: का दिव्य भाव था। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका एवं प्रार्थना सभा प्रभारी श्रीमती सरोज चौधरी के कुशल एवं अनुभवी निर्देशन में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसका संचालन विद्यालय की छात्रा संचित चौरसिया ने किया। इस समारोह के आयोजन में कक्षा दसवीं के छात्रों का विशेष योगदान रहा।