शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को दीवाली से पहले बड़ा तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महंगाई भत्ते (डीए) में कुल पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। वित्त (विनियमन) विभाग की ओर से 23 अक्टूबर को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार महंगाई भत्ते की दर 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी गई है। बढ़े हुए भत्ते का नकद भुगतान अक्टूबर के वेतन के साथ होगा, जो नवंबर में देय होगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 2.75 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बढ़ोतरी में मौजूदा चार प्रतिशत के साथ पिछले साल का एक प्रतिशत बकाया भी शामिल है, जिसकी अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके अलावा क्लास-फोर कर्मचारियों को 10,000 रुपये का रिवीजन एरियर भी मिलेगा, जो एक नवंबर को उनके बैंक खातों में जमा होगा। सुक्खू ने राज्य पर कुल कर्ज करीब 99,000 करोड़ रुपये होने की बात कही और राजस्व घाटा अनुदान बंद होने से बढ़े वित्तीय दबाव का जिक्र करते हुए विधायकों, अधिकारियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों और शिक्षकों से खर्चों में कटौती में सहयोग की अपील की।



