चंडीगढ़। हरियाणा में पहली बार राज्य स्तरीय फिल्म फेस्टिवल आयोजित होने जा रहा है। हरियाणा फिल्म फेस्टिवल-2026 का आयोजन 12 से 15 नवंबर तक होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने बजट भाषण में इस फेस्टिवल की घोषणा की थी।
तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग और दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा), रोहतक के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए। फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए एक कोर कमेटी भी गठित की गई है, जो कार्यक्रमों के चयन, प्रचार और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। इस मंच से हरियाणवी सिनेमा, लोक संस्कृति, कला, साहित्य और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है।



