राजस्थान की राजधानी जयपुर में सब जूनियर और जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप का आगाज हो गया है। सवाईमान सिंह स्टेडियम के स्क्वैश कोर्ट्स पर 23 से 29 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 900 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। जयपुर को आठ साल बाद इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है।
चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर खेल मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि खेलों से जुड़े रहना जरूरी है और जयपुर में स्क्वैश चैंपियनशिप का आयोजन खुशी की बात है। उन्होंने घोषणा की कि सवाईमान सिंह स्टेडियम में स्क्वैश के लिए ग्लास कोर्ट बनाया जाएगा। प्रतियोगिता के मैच एसएमएस स्टेडियम के साथ-साथ जयपुर क्लब और मानसरोवर स्थित मॉडर्न स्कूल में भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अनुसार 23 से 25 अक्टूबर तक क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 26 अक्टूबर से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले शुरू होंगे। मुख्य ड्रॉ 16 खिलाड़ियों का होगा, जिसमें आठ खिलाड़ी क्वालीफाइंग राउंड से आएंगे। आयोजन सचिव सुरभि मिश्रा के अनुसार प्रतियोगिता में वर्ल्ड जूनियर कांस्य पदक विजेता यूशा नफीस और पूरव रांबिया समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी उतर रहे हैं।



