न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी बची हुई टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने यह फैसला किया है। वहीं, लॉकी फर्ग्यूसन भी तीसरे टी20 के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाई हुई है और अब तीसरा मैच 27 अक्टूबर को खेला जाना है।
शनिवार को हुए सीरीज के दूसरे टी20 मैच में हेनरी ने केवल दो ओवर फेंके थे और फिर मैदान से बाहर चले गए थे। कप्तान मिचेल सैंटनर ने बताया कि उन्हें पिंडली में जकड़न की समस्या हुई थी। दूसरे टी20 में उन्होंने अपने दो ओवर में बिना कोई विकेट लिए 11 रन दिए थे। हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रुकेंगे और फिर 2 नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम से जुड़ेंगे।
फर्ग्यूसन दूसरे टी20 में एहतियात के तौर पर मैदान से बाहर चले गए थे। वह अब वेलिंगटन में होने वाला तीसरा टी20 मैच नहीं खेलेंगे, लेकिन ऑकलैंड और हैमिल्टन में होने वाले आखिरी दो मैचों के लिए टीम में वापस आ जाएंगे। हेनरी के बाहर होने के बाद ब्लेयर टिकनर आखिरी तीन मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जबकि जोश क्लार्कसन अंतिम दो मैचों का हिस्सा बनेंगे।



