प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 139वें एपिसोड में देशवासियों से दीवाली और छठ जैसे त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों के बनाए उत्पाद खरीदने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल की भावना अब खरीदारी की आदत बन रही है और यही भावना भारतीय उत्पादों को दुनिया के बाजार तक पहुंचा रही है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि बिहार के पूर्णिया का मखाना अब ग्रीस तक पहुंच रहा है, जबकि कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव में बिक रही है। इससे किसानों और छोटे उत्पादकों के लिए नए बाजार खुल रहे हैं। उन्होंने खादी की बढ़ती लोकप्रियता का भी जिक्र किया और कहा कि इससे परंपरागत कौशल से जुड़े कारीगरों को सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में उन्होंने उत्पाद की गुणवत्ता के साथ अच्छी पैकेजिंग के महत्व पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि आकर्षक पैकेजिंग देखकर ही ग्राहक किसी उत्पाद को हाथ में उठाता है, इसलिए स्थानीय उत्पादकों को पैकेजिंग पर भी ध्यान देना चाहिए। त्योहारों के मौसम में स्वच्छता अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही आसपास बड़ा बदलाव लाते हैं।



