फ्रांस में शनिवार को एक बार फिर बड़े विरोध प्रदर्शनों की तैयारी है। सरकार ने इस सप्ताहांत के प्रदर्शनों से निपटने के लिए देशभर में करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने शुक्रवार को कहा कि पिछले सप्ताह हुए हिंसक घटनाक्रम की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष इकाइयों के साथ व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
पेरिस की अदालत ने पुलिस की ओर से लगाई गई पूर्व पाबंदी हटाकर युवाओं को प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। हालांकि सरकार ने चेहरा ढककर प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी है और अति-वामपंथी समूहों पर हिंसा और लूटपाट को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। पिछले सप्ताह के प्रदर्शनों के दौरान व्यापक लूटपाट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं।
ये प्रदर्शन शुरू में स्कूली छात्रों ने खराब शैक्षणिक परिस्थितियों के विरोध में शुरू किए थे, लेकिन बाद में यह देशभर में फैल गए और महंगाई के खिलाफ व्यापक गुस्से से जुड़ गए। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रक्षा परिषद की बैठक बुलाई और छात्र प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। हालांकि छात्र नेताओं ने सोमवार को प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बातचीत तक दबाव बनाए रखने के लिए प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया है।



