बिहार की राजधानी पटना में आज से राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आगाज हो रहा है। खेल विभाग बिहार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन पटना द्वारा 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का मंच राजेन्द्र नगर स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला होगा। तीन दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की मुकाबलेबाजी होगी।
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत हो रही इस प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों और एकलव्य बिहार की चयनित बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रभारियों समेत करीब 400 लोग इस आयोजन में शामिल होंगे। इन मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम के लिए किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय विद्यालय बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी पटना के स्तर से सभी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित खेल छात्रावास में की गई है। शुद्ध पेयजल, चलंत शौचालय और साफ-सफाई की जिम्मेदारी लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग और पटना नगर निगम को सौंपी गई है। मुकाबलों के दौरान चोट की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए चिकित्सकों और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सिविल सर्जन के स्तर से की जा रही है।



