जमशेदपुर (झारखंड)। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव राकेश साहू ने भाजपा की तिरंगा यात्रा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार सेना और तिरंगे का अपमान बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।
साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा तिरंगे का राजनीतिक इस्तेमाल कर अपनी विफलताओं को छुपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मध्य प्रदेश के एक मंत्री द्वारा महिला सैन्य अधिकारी पर की गई अभद्र टिप्पणी और तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगे के सम्मान से हुए खिलवाड़ का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की ऐसी हरकतें सेना और देश का अपमान हैं।
साहू ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा शीर्ष नेतृत्व की रणनीति के तहत यह अपमान हो रहा है? उन्होंने कहा कि देश की जनता सेना और तिरंगे के सम्मान में जान देने को तैयार है, लेकिन भाजपा ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में जुटी है।