कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई की चिंताओं के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 572.62 अंक यानी 0.78 प्रतिशत गिरकर 73,137.07 पर आ गया, जबकि निफ्टी 199.15 अंक टूटकर 22,610.30 पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी में पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और नेस्ले इंडिया सबसे बड़े गिरने वाले शेयरों में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी एक प्रतिशत के आसपास की गिरावट आई। केमिकल, ऑटो और मेटल क्षेत्र के शेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहे। निवेशक अगले सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक और तेल कीमतों की दिशा पर नजर रखे हुए हैं। जानकारों का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव घटे बिना बाजार में स्थिरता मुश्किल है।
विज्ञापन | Advertisement



