जमशेदपुर (झारखंड)। शारदीय दुर्गा पूजा 2024 की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की कार्यकारिणी समिति की समीक्षा बैठक पूर्व मंत्री और समिति के अध्यक्ष दुलाल भूईयां की अध्यक्षता में भुइयांडीह स्थित उनके आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न प्रखंडों में संपन्न बैठकों और दुर्गा पूजा समितियों की समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। शेष कार्यों के निष्पादन हेतु टीम गठित की गई, जिससे पूजा निर्भीक और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। हर प्रखंड के प्रभारी को विशेष जिम्मेदारियां दी गईं।समिति की मजबूती के लिए बैठक के अंत में समिति का विस्तार किया गया।
काशीडीह निवासी समाजसेवी राकेश साहू और सुरेंद्र शर्मा को वरीय उपाध्यक्ष, सरदार जसपाल को उपाध्यक्ष, और बर्मामाइंस निवासी पवन कुमार उपाध्याय को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। पूर्व मंत्री दुलाल भूईयां ने सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को समिति के सिद्धांतों से अवगत कराते हुए उन्हें बधाई दी और शारदीय दुर्गा पूजा में सहयोग की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव ललन यादव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन निमाई मंडल ने दिया। बैठक को सफल बनाने में सरदार बलदेव सिंह, श्याम कुमार शर्मा, निमाई मंडल, और अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान रहा।