वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा जिले के तलेगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस की मौजूदगी में ही एक आरोपी ने महिला चिकित्सा अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। इस घटना से चिकित्सक समुदाय में भारी रोष फैल गया है।
पुलिस अदालत में पेश करने से पहले आरोपी की मेडिकल जांच के लिए उसे लेकर आई थी। पांच पुलिसकर्मी आरोपी को स्वास्थ्य केंद्र लाए थे। जांच पूरी होने और आरोपी से हस्ताक्षर कराने के बाद उसने अचानक डॉक्टर श्रद्धा भुमरे के गाल पर थप्पड़ मार दिया। आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी कादिर अली रज्जाक अली के रूप में हुई है, जिस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सरकारी चिकित्सक संघ ने जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी पर कठोर धाराएं लगाने की मांग की है। संघ ने सुरक्षा में चूके पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की भी मांग की है।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई होने तक ओपीडी सेवाएं ठप रखी जाएंगी। पुलिस ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया था और मामले की जांच जारी है।



