राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के लिए 10 अगस्त से नामांकन शुरू
नई दिल्ली, 8 अगस्त। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन 10 अगस्त 2026 से शुरू होंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
यह पुरस्कार राष्ट्रीय गोकुल मिशन (आरजीएम) के तहत स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण, विकास और डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, संस्थाओं तथा कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन की शुरुआत दिसंबर 2014 में स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के वैज्ञानिक संरक्षण और विकास के उद्देश्य से की गई थी।
इन श्रेणियों में होंगे पुरस्कार
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के लिए प्रमुख रूप से निम्न श्रेणियों में नामांकन मांगे गए हैं—
स्वदेशी गाय एवं भैंस नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान
सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति (डीसीएस), दूध उत्पादक कंपनी (एमपीसी) और डेयरी किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ)
सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (एआईटी)
इसके अलावा उत्तर पूर्वी क्षेत्र (एनईआर) और हिमालयी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में डेयरी विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान किया गया है।
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान तथा सर्वश्रेष्ठ डीसीएस, एफपीओ और एमपीसी श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को प्रशस्ति प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न के साथ नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रथम स्थान: 5 लाख रुपये
द्वितीय स्थान: 3 लाख रुपये
तृतीय स्थान: 2 लाख रुपये
एनईआर एवं हिमालयी राज्यों के लिए विशेष पुरस्कार: 2 लाख रुपये
वहीं, सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (एआईटी) श्रेणी में विजेता को प्रशस्ति प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। इस श्रेणी में कोई नकद पुरस्कार नहीं दिया जाएगा।
26 नवंबर को होगा पुरस्कार वितरण
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के विजेताओं को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस, 26 नवंबर 2026 के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
पात्रता मानदंड, विस्तृत दिशा-निर्देश और नामांकन प्रक्रिया की जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग की वेबसाइट dahd.nic.in पर उपलब्ध है।