राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से एक और सराहनीय सेवा पदक से आठ पुलिसकर्मी सम्मानित
रांची, झारखंड। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने झारखंड पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देते हुए राज्य के कुल 9 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रतिष्ठित सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। इनमें एक अधिकारी को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक तथा आठ पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय, झारखंड द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उग्रवादी संगठनों, संगठित आपराधिक गिरोहों तथा अन्य गंभीर अपराधों के विरुद्ध झारखंड पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनसुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का चयन किया गया है।
राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित
इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए श्री शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, भा.पु.से., प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो का चयन किया गया है। उन्हें पुलिस सेवा में दीर्घकालीन उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सराहनीय सेवा पदक पाने वाले पुलिसकर्मी
सराहनीय सेवा पदक के लिए निम्नलिखित आठ पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है:
– सअनि पंकज कुमार राय
– हवलदार 560 पूर्ण बहादुर सिंह
– हवलदार 125 जितेन्द्र कुमार सिंह
– हवलदार 12 योगेन्द्र कुमार दास
– हवलदार 31 नंद किशोर महतो
– चालक हवलदार 178 औरंगजेब खां
– चालक हवलदार 174 संजय कुमार सिंह
– महिला आरक्षी 419 अनीता तिर्की
पुलिस मुख्यालय ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे झारखंड पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है। इन सम्मानों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी समर्पण, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होंगे।