-गाड़ी बैक करने को लेकर दो दिन पहले हुआ था विवाद, पुलिस ने जनता के सहयोग से आरोपी को पकड़ा
शकील अहमद
बिजनौर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जनता के सहयोग से आरोपी को पकड़ा गया। उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 अगस्त 2026 को वादी आशीष चौधरी पुत्र दुखहरण चौधरी, निवासी न्यू बेहसा, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ अपने मित्र श्वेत मिश्रा पुत्र नागेन्द्र मिश्रा, निवासी गड़ौरा, थाना बिजनौर, लखनऊ तथा हासिम अली पुत्र छुन्नू लाल, निवासी बदाली खेड़ा, कानपुर रोड, लखनऊ के साथ थाना बिजनौर पहुंचे।
उनके पास तुलसीराम पुत्र महेश, निवासी न्यू बेहसा, सरोजनीनगर, लखनऊ, उम्र करीब 21 वर्ष के पास से बरामद किया गया एक चाकू भी था।
वादी द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि तुलसीराम पुत्र महेश, आयुष पुत्र अज्ञात तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने पुरानी रंजिश को लेकर बीच रास्ते में गाड़ी रोककर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया।
हमले में वादी और उसके मित्र श्वेत मिश्रा को चोटें आईं। बीच-बचाव करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बिजनौर में मु0अ0सं0-0221/2026, धारा 126(1)/115(2)/352/351(3)/109(1)/118(1) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गाड़ी बैक करने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त तुलसीराम ने बताया कि दो दिन पूर्व गाड़ी बैक करने को लेकर उसका आशीष से विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण उसने 18 अगस्त की शाम अपने साथियों के साथ मिलकर आशीष पर चाकू से वार किया।
पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।