महराजगंज। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भारत-नेपाल सीमा पर देशभक्ति और भाई-बहन के रिश्ते की भावुक तस्वीर सामने आई। कोल्हुई क्षेत्र के रुद्रपुर शिवनाथ स्थित केनफाउंट सीनियर एकेडमी की छात्राओं ने जोगियाबारी स्थित भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना भाई बनाया।
विद्यालय के डायरेक्टर अजय कुमार रामचंद्रन के निर्देश पर छात्राएं जोगियाबारी पहुंचीं। सीमा की सुरक्षा में दिन-रात तैनात जवानों को राखी बांधते समय माहौल भावुक हो गया। छात्राओं ने जवानों के प्रति सम्मान और आभार जताते हुए कहा कि उनके अपने भाई भले ही घर पर रक्षाबंधन मना रहे हैं लेकिन ये जवान परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने जवानों को अपना भाई मानकर राखी बांधी।
राखी बंधवाने के बाद जवानों ने भी छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और देश की रक्षा के साथ बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया।विद्यालय के डायरेक्टर अजय कुमार रामचंद्रन ने कहा कि त्योहारों के मौके पर भी जवान अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में डटे रहते हैं। छात्राओं की यह पहल जवानों को परिवार के स्नेह का एहसास कराने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रयास है।प्रधानाचार्य वारिस सिद्दीकी ने कहा कि रक्षाबंधन विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी का पर्व है। जवानों की कलाई पर राखी बांधकर छात्राओं ने देशप्रेम और संवेदना का सुंदर संदेश दिया है।वहीं सशस्त्र सीमा बल के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने छात्राओं एवं विद्यालय परिवार का आभार जताते हुए कहा कि सीमा पर ड्यूटी के दौरान बच्चियों से राखी बंधवाना उनके लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। इस स्नेह ने उन्हें अपने परिवार की कमी महसूस नहीं होने दी।