– माई भारत के कार्यक्रम में युवक-युवतियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प, शिक्षा और खेल से जुड़ने की अपील
रायबरेली। खीरों विकासखंड के ब्लॉक सभागार में रविवार को माई भारत की ओर से नशा मुक्त अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी वर्तिका सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता आकाश कुमार ने की। खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह और मंडल अध्यक्ष संतोष पासवान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष संतोष पासवान, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, पत्रकार शिवराज, पत्रकार मुन्ना यादव और पत्रकार राजेंद्र द्विवेदी का संदीप सिंह ने अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी युवाओं को एक-एक पेन वितरित किया गया। युवक-युवतियों ने नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने माई भारत की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान की सराहना की।