दिल्ली पुलिस ने सोनिया विहार इलाके में हत्या के प्रयास के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 25 अक्टूबर को हुए झगड़े में गोलीबारी हुई थी और पीड़ित शोभाराम पर डंडों से हमला किया गया था, साथ ही उनकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उनकी हालत सुधर गई।
इस मामले में सोनिया विहार थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन मुख्य शूटर और अन्य अहम आरोपी फरार थे। 26 अक्टूबर को उत्तर-पूर्व जिले की एएटीएस टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर दिल्ली-एनसीआर में कई ठिकानों पर छापे मारे और तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार, रोहित उर्फ अधाना और विक्रांत उर्फ विक्की के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि रोहित और विक्रांत सीसीटीवी में पीड़ित पर हमला करते दिखे हैं, जबकि आकाश की भूमिका की जांच हो रही है। आकाश पहले भी हत्या और मारपीट के चार मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस अब इस झगड़े की असली वजह और बाकी साथियों की तलाश कर रही है।



