उत्तर प्रदेश में चक्रवात अर्नब के असर से 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार को अलर्ट पर रखा गया है। राहत आयुक्त कार्यालय ने आम जनता और किसानों के लिए एहतियाती दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेत में कटी फसल को सुरक्षित जगह रखें और खुले में रखे अनाज को ढककर रखें, ताकि बारिश से नुकसान न हो।
राज्य सरकार ने राहत और बचाव की तैयारियों पर जोर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि वे तेज हवा और बारिश के दौरान कमजोर ढांचों से दूर रहें, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों और आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें। प्रशासन ने जिला स्तर पर निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।



