जमशेदपुर, झारखंड। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में अधिकारियों के साथ मलेरिया नियंत्रण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में मलेरिया उन्मूलन के लिए अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
29 जून से 12 जुलाई तक जिले में 1,04,459 लोगों की मलेरिया जांच की गई है। इस दौरान मलेरिया की पॉजिटिविटी दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जो अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार के बुखार की स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर मलेरिया की जांच अवश्य कराएं। साथ ही नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें, घर और आसपास जलजमाव न होने दें तथा स्वास्थ्य विभाग के सर्वे एवं IRS (इंडोर रेजिडुअल स्प्रे) अभियान में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही पूर्वी सिंहभूम को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकता है।