JAMSHEDPUR : सोनारी दोमुहानी संगम घाट पर ‘एक पौधा भविष्य के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प
जमशेदपुर,झारखंड। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से ‘एक पौधा भविष्य के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को सोनारी दोमुहानी संगम घाट पर ओपन हार्ट फाउंडेशन द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो की महापौर सुधा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
दोनों अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम के दौरान कदमा टाटा वर्कर्स स्कूल और सोनारी मिथिला स्कूल के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया। बच्चों की प्रस्तुति ने हरियाली, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर दैनिक जागरण के संपादक प्रदीप सिंह, पद्मश्री सम्मानित चामी मुर्मू, डीएफओ सबा आलम अंसारी, स्कूली बच्चे, स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।