धोनी और झारखंड के बीजेपी नेताओं की मुलाकात की तस्वीर वायरल, सियासी अटकलें तेज

प्रमुख समाचार

धोनी और झारखंड के बीजेपी नेताओं की मुलाकात की तस्वीर वायरल, सियासी अटकलें तेज

साबिर अंसारी

राँची : क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और झारखंड के कुछ प्रमुख बीजेपी नेताओं की मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसे लेकर कई तरह की चर्चा और अटकलों का दौर शुरू हो गया है।सोशल मीडिया पर यह सवाल तैर रहा है कि क्या यह सिर्फ एक सामान्य मुलाकात है या फिर इसका कोई सियासी मायने है। दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार की शाम मुंबई की फ्लाइट पकड़ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर थे। इसी वक्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रांची पहुंचने वाले थे और उनके स्वागत के लिए झारखंड के कई वरिष्ठ भाजपा नेता एयरपोर्ट पर मौजूद थे।इसी दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह और कांके क्षेत्र के भाजपा विधायक समरी लाल ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की। इसकी तस्वीरें सामने आईं और देखते-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। लोग इन तस्वीरों को धोनी के राजनीति में प्रवेश की संभावनाओं से जोड़कर चर्चा करने लगे।