5 माह पहले चोरी हुई मूर्ति हुई बरामत

प्रमुख समाचार

5 माह पहले चोरी हुई मूर्ति हुई बरामत

जिले के बम्होरी खास गांव से चोरी हुई भगवान श्रीराम जानकी की प्रतिमाएं पुलिस ने बुधवार को बरामद कर ली है। अज्ञात चोर गांव से थोड़ी दूर एक दूसरे मंदिर के चबूतरे पर बोरी में प्रतिमाएं छोड़कर भाग गए थे। आज पुजारी की सूचना पर दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमाओं को थाने लाया गया।

दरअसल, करीब 5 माह पहले 17 अक्टूबर 2023 को अज्ञात चोर बम्होरी खास गांव के मंदिर से भगवान श्रीराम और माता जानकी की प्रतिमाएं चुरा कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर प्रतिमाओं की तलाश शुरू कर दी थी।

मंदिर के पुजारी राजेंद्र नायक ने बताया कि आज सुबह गांव के पास रितेश्वर बाबा के चबूतरे पर एक बोरी रखी मिली। रितेश्वर बाबा मंदिर के पुजारी ने बोरी खोलकर देखी तो उसमें श्रीराम जानकी की प्रतिमाएं दिखाई दी। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना राजेंद्र नायक को दी। पुजारी ने इस संबंध में दिगौड़ा थाना पुलिस को सूचित किया।

जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमाओं को जप्त कर थाने ले जाया गया। पुजारी राजेंद्र नायक ने बताया कि 5 माह पहले चोरी हुई श्रीराम जानकी की यही प्रतिमाएं है। पुलिस का कहना है कि प्रतिमाओं को न्यायालय की अनुमति के बाद मंदिर के पुजारी को सौंपा जाएगा।