तहसील का दर्जा दिलाने को पनियरा में बिगुल,राज्यपाल_मुख्यमंत्री तक पहुंची जनभावना
महराजगंज। पनियरा को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग अब तेज होती जा रही है। पनियरा तहसील संघर्ष समिति ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नगर पंचायत पनियरा स्थित गांधी पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता में पनियरा तहसील संघर्ष समिति के संयोजक कृष्णा चौहान ने कहा कि लगभग 25 दिन पूर्व क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को ज्ञापन सौंपकर पनियरा को तहसील घोषित करने की मांग की गई थी लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं राज्यपाल को भी विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया गया है।उन्होंने कहा कि पनियरा क्षेत्र की बड़ी आबादी को आज भी तहसील संबंधी कार्यों के लिए दूर दराज जाना पड़ता है।जिससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को समय व धन की अनावश्यक हानि उठानी पड़ती है। यदि पनियरा को तहसील का दर्जा मिलता है तो प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।समिति ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का विरोध नहीं बल्कि वर्षों से लंबित जनभावना को शासन तक पहुंचाकर उसका समाधान कराना है।संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ विचार विमर्श कर आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।प्रेस वार्ता के दौरान सुरेंद्र कुमार, श्याम राय, संतोष गुप्ता, रोहित, लोहार कुमार, अनुराग पाल, अनूप चौहान, गणेश पासवान, नितेश शर्मा, प्रमोद सिंह, संतोष मौर्य, मनीष राय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।