गुरुग्राम के कादीपुर सामुदायिक केंद्र पर इस वर्ष भी छठ पूजा का आयोजन होगा। जन सेवा एवं सांस्कृतिक चेतना मंच की ओर से 15 और 16 नवंबर को होने वाली पूजा की तैयारियां गुरुवार से शुरू कर दी गई हैं। आयोजन से पहले परिसर की साफ-सफाई कराई जाएगी और कृत्रिम छठ घाट तैयार किया जाएगा। संस्था ने इस कार्य में सहयोग के लिए गुरुग्राम नगर निगम से भी अनुरोध किया है। आयोजकों के अनुसार हर वर्ष यहां करीब दस हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं और संध्या तथा प्रातःकालीन अर्घ्य के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। पूर्वांचल के लोगों की बड़ी आबादी गुरुग्राम में रहती है, इसलिए शहर में छठ का विशेष महत्व है। तैयारियों को लेकर संस्था के पदाधिकारियों की बैठक में व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई।
विज्ञापन | Advertisement


