JAMSHEDPUR : बागबेड़ा जलापूर्ति योजना अगस्त में होगी शुरू, जन शिकायतों के एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश
जमशेदपुर, झारखंड । जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक में जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं एवं जन शिकायतों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जलापूर्ति योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को हर हाल में अगस्त माह से चालू करने का निर्देश दिया। साथ ही छोटा गोविंदपुर के विस्तारित क्षेत्र में भी जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित सभी लंबित जन शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।