RAMGARH : शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, हथियार व लूटे गए जेवर बरामद

रामगढ़, झारखंड। रामगढ़ पुलिस ने 21 अप्रैल 2026 को रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मामले के मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम को 12 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल तथा लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, इस डकैती के खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके बाद मुख्य आरोपी गिरफ्त में आया। आरोपी के खिलाफ रामगढ़ सहित विभिन्न जिलों में 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इस कांड में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। कार्रवाई के दौरान कुल करीब 565 ग्राम सोने जैसे आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण, दो पिस्टल, तीन मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, एक कार, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

रामगढ़ पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।