– ऊंचाहार के चड़रई टोल प्लाजा के पास आयोजित कथा में राज्यपाल ने की सहभागिता, भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जुड़ने का बताया अवसर
शकील अहमद
रायबरेली। ऊंचाहार के बाबूगंज के निकट चड़रई टोल प्लाजा पर आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कथा स्थल पर साधु-संतों की उपस्थिति के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का साल एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बताया कि जब भी उन्हें समय मिलता था, वह टीवी के माध्यम से पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का श्रवण करती थीं।
उन्होंने कहा कि आज प्रत्यक्ष रूप से इस पावन स्थल पर उपस्थित होकर उनकी कथा सुनने और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए सुखद एवं सौभाग्य का विषय है।
राज्यपाल ने कहा कि यह पवित्र एवं आध्यात्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में साधु-संत उपस्थित हैं और श्रद्धालु एकत्र होकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कर रहे हैं तथा आध्यात्मिक लाभ एवं संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।