राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में सोनू यादव ने जीता स्वर्ण पदक, रामपुर का नाम किया रोशन
गोल्ड मेडल जीतने पर सोनू यादव का सम्मान, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
सलमान खान, डिप्टी ब्यूरो चीफ रामपुर
रामपुर। नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 7, 8 और 9 अगस्त तक राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड आदि आठ राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
उत्तर प्रदेश के रामपुर से कराटे चैंपियन सोनू यादव ने अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनू यादव ने अपने यूपी के रामपुर, करखेड़ा, टांडा बादली क्षेत्र के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद सोनू यादव को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके इस शानदार प्रदर्शन से यूपी के रामपुर का नाम रोशन हुआ है। सोनू यादव की इस उपलब्धि पर रामपुर के स्वार, टांडा क्षेत्रवासियों ने उन्हें और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि सोनू यादव ने नई दिल्ली में आयोजित कराटे चैंपियनशिप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कराटे चैंपियन सोनू यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सभी बच्चों को खेलों में रुचि लेने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ देश और समाज का नाम भी रोशन कर सकते हैं।