भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के जरिए बैंक खातों का धोखाधड़ी से इस्तेमाल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। भोईवाड़ा पुलिस ने मुंबई के गोरेगांव इलाके में छापेमारी कर दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 32 मोबाइल फोन, 49 एटीएम कार्ड, 40 सिम कार्ड, चार लैपटॉप, मोबाइल चार्जर और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को घर बैठे काम करने और कमाई का लालच देकर उनके बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज हासिल करते थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े धन के लेनदेन में किया जाता था।
मामले की शुरुआत 17 अक्टूबर को सामने आई शिकायत से हुई। भगवान दास नामक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने भिवंडी के एक शिकायतकर्ता और उसके सात दोस्तों को घर बैठे काम का प्रस्ताव दिया और वर्क फ्रॉम होम के नाम पर उनसे बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, चेकबुक और अन्य बैंकिंग विवरण हासिल कर लिए। तकनीकी जांच के आधार पर भिवंडी की भोईवाड़ा पुलिस ने गोरेगांव के आरे कॉलोनी क्षेत्र में रॉयल पाम आइलैंड-08 नामक इमारत में दबिश दी। पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड ने गुरुवार शाम पत्रकार वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी दी।



