महराजगंज। महराजगंज और सिद्धार्थनगर जनपद की सीमा पर स्थित घोंघी नदी में डूबे युवक मकालू यादव का शव करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को सिद्धार्थनगर जनपद के लोटन कोतवाली क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया वहीं दोनों जिलों की पुलिस और गोताखोरों का संयुक्त सर्च अभियान भी समाप्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गो टोला भुड़कुड़हा
निवासी मकालू यादव रविवार को गांव के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घोंघी नदी के तट पर पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद वह शाम 7 बजे स्नान करने के लिए नदी में उतरे लेकिन अचानक गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महराजगंज और सिद्धार्थनगर दोनों जिलों की पुलिस को सूचना दी। शुरुआती घंटों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने में देरी को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बाद में दोनों जनपदों की पुलिस पीएसी और गोताखोरों की संयुक्त टीम ने नदी में सघन सर्च अभियान शुरू किया।लगातार लगभग 18 घंटे तक चले अभियान के बाद सोमवार को लोटन कोतवाली क्षेत्र में घोंघी नदी से युवक का शव करीब 1 बजे बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस मामले में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दोनों जनपदों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पूरे अभियान के दौरान सिद्धार्थनगर के मजिस्ट्रेट, महराजगंज के फरेंदा क्षेत्राधिकारी दीप शिखा वर्मा, पुलिस बल, पीएसी और गोताखोरों की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहीं।
इस सम्बन्ध में लोटन कोतवाल हरि ओम कुशवाहा ने बताया कि बरामद शव की पहचान मकालू यादव के रूप में हुई है आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।अठारह घंटे तक चले इस संयुक्त अभियान के बाद शव बरामद होने से रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त हुआ लेकिन मकालू यादव की मौत से बड़गो गांव में मातम पसरा हुआ है।