– गहरे पानी में डूबने के बाद लोगों ने बाहर निकाला, अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के शंकर खेड़ा-पठई के मध्य उन्नाव बॉर्डर पर स्थित बसहा में रविवार दोपहर नहाने गया 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महेंद्र कुमार पुत्र रामशंकर, निवासी नया खेड़ा मजरे धुराई, पाहो गांव स्थित जनता विद्यालय इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गांव के अन्य बच्चों के साथ बसहा में नहाने गया था।
बताया गया कि बारिश के कारण पानी गहरा था। नहाते समय पैर फंसने से महेंद्र अचानक डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे नाजुक हालत में सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
किशोर की मौत की खबर से मां प्रेमा देवी, भाई जितेंद्र तथा बहन निशा और निहाली का रो-रोकर बुरा हाल है।